‘मैं एक्टर नहीं हूँ’ से नवाज़ुद्दीन फिर दिखाएंगे दम, भाई फ़ैज़ुद्दीन का बड़ा दांव

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। छोटे बजट में बड़ा सिनेमा रचने की कोशिश के बीच अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी के साथ पर्दे पर लौटने को तैयार हैं। 8 मई को रिलीज़ होने जा रही फ़िल्म ‘मैं एक्टर नहीं हूँ’ को लेकर सिनेमा जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस फ़िल्म की सबसे खास बात यह है कि इसे नवाज़ुद्दीन के भाई फ़ैज़ुद्दीन सिद्दीकी ने प्रोड्यूस किया है, जो इसे एक पारिवारिक और प्रयोगात्मक प्रोजेक्ट बनाता है।
साइड हीरो एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फ़िल्म की शूटिंग जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में बेहद सीमित संसाधनों और छोटी यूनिट के साथ पूरी की गई। वहीं, फ़िल्म का एक हिस्सा मुंबई में भी फिल्माया गया है। सीमित बजट के बावजूद मेकर्स ने कहानी और अभिनय पर खास ध्यान दिया है, जिससे यह फिल्म “छोटे बजट की बड़ी फिल्म” के तौर पर देखी जा रही है।
निर्माता फ़ैज़ुद्दीन सिद्दीकी ने इस प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड में एक नया प्रयोग करने की कोशिश की है। फ़िल्म को एक साथ बड़े स्तर पर रिलीज़ करने के बजाय केवल चार शहरों—दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर और पुणे—में रिलीज़ किया जा रहा है। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत में तैयार इस फ़िल्म से मेकर्स को बड़ी उम्मीदें हैं।
फ़िल्म में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के साथ कई नए कलाकार भी नजर आएंगे, जिन्होंने अपने अभिनय से कहानी को मजबूती देने का प्रयास किया है। खास बात यह भी है कि थिएटर पर रिलीज़ होने वाली यह फ़ैज़ुद्दीन सिद्दीकी की पहली फ़िल्म है, जिससे उनकी निर्माता के तौर पर नई पारी की शुरुआत हो रही है।
अब सबकी निगाहें 8 मई पर टिकी हैं, जब यह फिल्म दर्शकों के सामने आएगी और यह तय होगा कि सीमित बजट और अलग रिलीज़ रणनीति के साथ बनाया गया यह प्रयोग बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *