Headlines

मंसूरपुर थाने में एसपी सिटी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर कसा शिकंजा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना मंसूरपुर का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा गया, वहीं लापरवाही की गुंजाइश बिल्कुल खत्म करने के संकेत दिए गए।
एसपी सिटी ने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, भोजनालय (मैस) और मालखाना समेत विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। अभिलेखों के रख-रखाव में पारदर्शिता और नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताई और शीघ्र निस्तारण के स्पष्ट आदेश दिए।


कम्प्यूटर कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क पर डाटा एंट्री की स्थिति का जायजा लेते हुए निर्देशित किया गया कि सभी प्रविष्टियां समयबद्ध और शुद्ध रूप से दर्ज हों, ताकि किसी भी स्तर पर सूचना में त्रुटि न रहे। मिशन शक्ति केन्द्र के निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को सुरक्षित माहौल और त्वरित न्याय मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए।
आगंतुक कक्ष में मौजूद फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं मैस का निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए गए।
एसपी सिटी ने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को हर हाल में मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग, पारदर्शी और जवाबदेह रहने की नसीहत देते हुए जनहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, थाना प्रभारी विपिन त्यागी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *