Homeराष्ट्रीय7 साल का गुमशुदा मासूम मेरठ से सकुशल मिला, रतनपुरी पुलिस ने...

7 साल का गुमशुदा मासूम मेरठ से सकुशल मिला, रतनपुरी पुलिस ने परिजनों को सौंपा

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र से लापता हुआ 7 वर्षीय मासूम आखिरकार सकुशल बरामद कर लिया गया। रतनपुरी पुलिस ने अथक प्रयासों और लगातार तलाश अभियान के बाद बच्चे को मेरठ स्थित राजकीय बाल शिशु ग्रह से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सकुशल देखकर परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार ग्राम इंचोड़ा निवासी पिता ने 17 अप्रैल को थाना रतनपुरी में तहरीर देकर बताया था कि उनका 7 वर्षीय बेटा घर से अचानक गायब हो गया है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक रतनपुरी राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संभावित स्थानों पर तलाश की और लगातार सुरागरसी जारी रखी। इसी दौरान पुलिस को सफलता मिली और 24 अप्रैल को मासूम को मेरठ के राजकीय बाल शिशु ग्रह से सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस बच्चे को लेकर रतनपुरी पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। मासूम को सुरक्षित घर लौटता देख परिजनों की आंखें भर आईं। परिवार ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मेहनत की खुलकर प्रशंसा की।
बच्चे की बरामदगी में उपनिरीक्षक अजय सोलंकी, कांस्टेबल शैलेश कुमार, प्रमोद कुमार तथा महिला कांस्टेबल दीक्षा राणा की अहम भूमिका रही। रतनपुरी पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सराहनीय पहल माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments