रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन शनिवार को एक्शन मोड में नजर आया। तहसील बुढ़ाना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पहुंचे ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं ने राजस्व, पुलिस, भूमि विवाद, महिला उत्पीड़न और अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने साफ कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक चक्कर न कटवाए जाएं और हर शिकायत का निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की मौके पर जाकर जांच की जाए और तय समय सीमा के भीतर समाधान कराया जाए। महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता पर लेते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने आमजन को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर भी सतर्क किया। लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी शेयरिंग, बैंक फ्रॉड और सोशल मीडिया ठगी से बचने के उपाय विस्तार से बताए गए।
बुढ़ाना तहसील में आयोजित इस समाधान दिवस से फरियादियों को उम्मीद जगी कि अब उनकी समस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, जमीन पर दिखाई देगा।

