पैसों के विवाद ने पकड़ा तूल, चौकी में भिड़ीं महिलाएं, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के तितावी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पैसों के लेन-देन का विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया। चौकी में समझौते की कोशिश चल ही रही थी कि दोनों पक्षों की महिलाएं आमने-सामने आ गईं और देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर हालात काबू में किए। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के लोगों पर कानूनी शिकंजा कस दिया है।

दरअसल पूरा मामला तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुरा खुर्द का है, जहां एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 पीआरवी और थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने के लिए बघरा चौकी ले आई।
लेकिन चौकी पहुंचने के बाद मामला शांत होने के बजाय और गर्मा गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों की महिलाएं भी चौकी पर पहुंच गईं और आपसी कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई। अचानक चौकी परिसर में हंगामे जैसे हालात बन गए।
पुलिस ने तत्काल बीच-बचाव करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था बहाल कराई। इसके बाद थाना तितावी पुलिस ने दोनों पक्षों से दो व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *