रिपोर्ट – अभिषेक कुमार

चन्दौली। जनपद चन्दौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित बेचुपुर इलाके से एक ही परिवार के तीन बच्चों के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। सोमवार को स्कूल जाने के बाद बच्चे घर वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और इलाके में दहशत का माहौल है।
लापता बच्चों की पहचान पलक (13 वर्ष), आमिर (7 वर्ष) और आयत (6 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे सेंट जेवियर स्कूल के छात्र-छात्रा बताए जा रहे हैं। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कई पुलिस टीमें बच्चों की तलाश में जुटी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें खोज निकालने का दावा किया जा रहा है।

