काली नदी पर पुल की मांग तेज, मुख्यमंत्री के आगमन पर किसानों ने उठाई आवाज

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में काली नदी के पार बसे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या एक बार फिर मुखर हो उठी है। रविवार को काली नदी किसान समिति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित नगर आगमन को लेकर उन्हें बधाई संदेश देते हुए अपनी प्रमुख मांग—काली नदी पर पुल निर्माण—को जोरदार तरीके से उठाया।
काली नदी किसान समिति के अध्यक्ष विषय कश्यप के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों ने बताया कि खोजापुर क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए काली नदी पार करनी पड़ती है। नदी में फैली गंदगी और असुविधा के कारण कई लोग बीमार पड़ रहे हैं, जबकि बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि पुल न होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार सभी प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द काली नदी पर पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इस मुद्दे पर सकारात्मक पहल होगी।
इस दौरान वेदप्रकाश कश्यप, बाबू जौदी, नूरजहां बेगम, विकास गर्ग, व्यंगम गोयल, प्रदीप उत्तबेला, संजू कश्यप और अतर सिंह कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि पुल का निर्माण होता है तो क्षेत्र की दशा और दिशा दोनों बदल जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *