Homeराष्ट्रीययक्ष ऐप बना ‘सुपर कॉप’, 48 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा—दो...

यक्ष ऐप बना ‘सुपर कॉप’, 48 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा—दो शातिर चोर दबोचे

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की भोपा थाना पुलिस ने आधुनिक तकनीक का शानदार इस्तेमाल करते हुए महज 48 घंटे के भीतर बाइक चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई में “यक्ष एप” की अहम भूमिका सामने आई है, जिसने अपराधियों की पहचान सुनिश्चित करने में निर्णायक योगदान दिया।
भोपा थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल को राजधानी पेपर प्रोडक्शन कंपनी, ग्राम कासमपुरा के पास से स्पलेंडर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात सामने आई थी। पीड़ित मनीष कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों का गहन विश्लेषण किया।
जांच के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के अत्याधुनिक “यक्ष एप” का इस्तेमाल किया गया, जिसमें अपराधियों का विस्तृत डाटाबेस मौजूद रहता है। इसी एप के जरिए संदिग्धों की पहचान पुख्ता हुई और पुलिस टीम सीधे आरोपियों तक पहुंच गई।
सोमवार को पुलिस ने छापेमारी कर ककरौली निवासी फराद उबैद और फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की गई स्पलेंडर बाइक के साथ अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी फिरोज का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा और खौफनाक है। उस पर हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत तीन दर्जन के करीब संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी फराद पर भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिससे साफ है कि दोनों पेशेवर अपराधी हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “यक्ष एप” जैसे डिजिटल टूल्स के कारण अब अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं रह गया है। तकनीक और पुलिस की सक्रियता के चलते जनपद में अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में भोपा थाना पुलिस टीम के साथ सर्विलांस सेल की भी अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से एक और चोरी की वारदात का पर्दाफाश हो सका।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments