रिपोर्ट – मो0 नसीम

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। सुबेहा थाना क्षेत्र के पांडे का पुरवा मजरे इस्लामपुर गांव में गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की चपेट में आकर कई गांवों के लगभग ढाई दर्जन किसानों की 50 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर देवपुरा गांव निवासी किसान रामसरन के गेहूं के खेत से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई पड़ीं। यह देख ग्रामीण तत्काल खेतों की ओर दौड़ पड़े और आग बुझाने में जुट गए। लेकिन तेज पछुआ हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पांडेय पुरवा, देवपुरा व जगदीशवापुर के किसानों की फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में श्यामलाल, हरिशंकर, विद्यावती, रामप्रकाश, हरिशरण, शिवराम, राजेश, शकुंतला, गुड्डू, सहजहां बानो, रामशरण, बद्री विशाल, रमपता, कुलदीप पांडेय सहित करीब ढाई दर्जन किसानों की फसल जल गई। अनुमानित तौर पर 50 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह राख हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच लगी आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल कर्मी करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे। तब तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था।
पीड़ित किसान छोटेलाल ने बताया कि उनकी दो बीघा गेहूं की पूरी फसल जल गई, जिससे परिवार के भरण-पोषण और मवेशियों के चारे की समस्या खड़ी हो गई है। वहीं विद्यावती, जो एक विधवा हैं, ने बताया कि उन्होंने बटाई पर ली गई दो बीघा जमीन में गेहूं बोया था, जो पूरी तरह जल गया। अब उनके सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है।
राजेंद्र यादव ने बताया कि आग लगते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, परंतु उसके पहुंचने से पहले ही काफी नुकसान हो चुका था।
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी व हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी ने बताया कि इस अग्निकांड की घटना के करीब 50 बीघा फसल जल कर नष्ट हुई है उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को भेजी जाएगी। जिससे प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जा सके।

