रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत सोमवार को डीएवी डिग्री कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक एवं थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने खासतौर पर छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते अपराधों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और नशा मुक्ति भारत अभियान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर समाज के कमजोर वर्ग अपनी स्थिति मजबूत कर सकते हैं।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड लाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत संपर्क करें।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम द्वारा पंपलेट वितरित कर जागरूकता संदेश को और व्यापक बनाने का प्रयास किया गया। इस पहल से कॉलेज परिसर में सुरक्षा और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।

