वारंटियों पर शिकंजा: खतौली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो अभियुक्त दबोचे

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में वांछित और वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खतौली पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाते हुए दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से फरार चल रहे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद के नेतृत्व में गठित टीम ने न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट पर तत्काल अमल करते हुए दोनों अभियुक्तों को उनके घरों से दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मनोज पुत्र कर्णसिंह निवासी चांदसमद, जो धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामले में वांछित था, तथा विनोद पुत्र रामकिशन निवासी कैलावड़ा, जो विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहा था, शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके खिलाफ वारंट जारी किए गए थे। थाना खतौली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया और अब उनके खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक आरिफ अली, उपनिरीक्षक राजीव तेवतिया सहित कांस्टेबल बलवीर सिंह, रोबिन चौधरी, सुशील भाटी और महिला कांस्टेबल रश्मि की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *