रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। स्थित हिंदू महासभा कार्यालय में रविवार को अखिल भारत हिंदू महासभा की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल ने किया।
बैठक के दौरान संगठन ने आने वाले दिनों में बड़े धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की। तय कार्यक्रम के अनुसार 2 अप्रैल 2026 को बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर शिव चौक पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरीश त्यागी के नेतृत्व में होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 5 अप्रैल को अखिल भारत हिंदू महासभा, अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास और हिंदू महासभा जन कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल भगवा रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में देश-विदेश से संत-महात्माओं और विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है। संगठन का दावा है कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और इसके माध्यम से राष्ट्रपति के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भेजा जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र वर्मा ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराना है। वहीं जिला अध्यक्ष संदीप मित्तल ने कहा कि इस बार की भगवा रैली संगठन के लिए मील का पत्थर साबित होगी और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
युवा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कपिल कश्यप ने जानकारी दी कि रैली शिव चौक से शुरू होगी और इसमें सैकड़ों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले संतों और कार्यकर्ताओं का भव्य स्वागत किया जाएगा। साथ ही रैली के बाद मुजफ्फरनगर का नाम लक्ष्मी नगर करने के आंदोलन को भी तेज़ किया जाएगा।
इसके अलावा 7 अप्रैल 2026 को शिव चौक पर रात 9 बजे से मां भगवती जागरण का आयोजन भी किया जाएगा, जो हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रूप में संपन्न होगा।
बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों समेत विभिन्न जिलों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने दावा किया कि आगामी कार्यक्रमों के जरिए वह अपने उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा और व्यापक जनसमर्थन जुटाएगा।

