रिपोर्टर: रजनीश शर्मा
हरदोई। जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली शहर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर तस्करों को लाखों रुपये की हीरोइन और अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरपालपुर थाना क्षेत्र के हरियापुर निवासी पंकज सिंह और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 625 ग्राम हीरोइन और 5 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद हीरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे नशीले पदार्थ कहां से लाते थे और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करते थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों की तलाश में जुटी हुई है।
जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अधिकारियों का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
