रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। चरथावल में सोलर पावर प्लांट से केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 105.6 किलोग्राम तार बरामद किया है। इसमें 39.9 किलोग्राम जला हुआ कॉपर तार और 65.7 किलोग्राम बिना जला हुआ तार शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को RVG GREEN ENERGY PRIVATE LIMITED के निदेशक गगनदीप सिंघल ने सोलर प्लांट से डीसी केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
24 अक्टूबर को चरथावल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लुहारी रोड स्थित श्मशान के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विपिन, गुड्डू, रिषी और बबलू के रूप में हुई है। चारों चरथावल कस्बे के निवासी हैं।
मजदूरी और देखरेख की आड़ में चोरी का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोलर प्लांट में मजदूरी और देखरेख का काम करते थे तथा रात में वहीं सोते थे। इसी दौरान कथित तौर पर धीरे-धीरे तार काटकर उसके बंडल बनाते और पास के खेत में छिपा देते थे। बाद में तार की प्लास्टिक जलाकर कॉपर निकालते और राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, चारों ने 17 सितंबर को भी मिलकर तार चोरी किया था।
मामले में थाना चरथावल पर मुकदमा संख्या 185/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305ए, 317(2) और 3(5) में कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आयुष्मान शर्मा सहित थाना चरथावल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
