Homeउत्तर प्रदेशशाहजहांपुर के पाहरूआ में तालाब सौन्दर्यीकरण अभियान शुरू, कछुआ संरक्षण और पर्यावरण...

शाहजहांपुर के पाहरूआ में तालाब सौन्दर्यीकरण अभियान शुरू, कछुआ संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर जोर

तालाब की सफाई एवं सौन्दर्यीकरण अभियान का शुभारम्भ

कछुआ संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जैव विविधता संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में विकास खण्ड मिर्जापुर के ग्राम पाहरूआ स्थित ऐतिहासिक तालाब के संरक्षण, स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण अभियान का शुभारम्भ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। यह अभियान तालाब में निवास करने वाले कछुओं के संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा स्थानीय जैव विविधता के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, ग्राम प्रधान एवं प्रशासक देवेन्द्र पाल सिंह तथा लोक भारती के महानगर संयोजक आलोक मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों ने “माँ गंगा” के जयघोष के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान करते हुए फावड़ों से तालाब की सफाई कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने कहा कि यह तालाब क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर है, जिसका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तालाब का पुनर्जीवन पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा ग्रामीणों के सामाजिक और आर्थिक हितों को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने इस जनहितकारी अभियान में जिला प्रशासन और ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना की।

ग्राम प्रधान एवं प्रशासक देवेन्द्र पाल सिंह ने ग्रामीणों से तालाब को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा इसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। वहीं लोक भारती के महानगर संयोजक आलोक मिश्रा ने बताया कि तालाब के सौन्दर्यीकरण और विकास के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रथम चरण में व्यापक सफाई अभियान प्रारम्भ किया गया है, जिसके बाद अन्य विकास कार्यों को भी गति दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि तालाबों का संरक्षण जल सुरक्षा, भूजल स्तर में सुधार, पर्यावरण संतुलन तथा जैव विविधता संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राम पाहरूआ में शुरू हुआ यह अभियान जनसहभागिता आधारित पर्यावरण संरक्षण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आएगा।

इस दौरान एडीओ पंचायत रामऔतार शर्मा ने तालाब में गिरने वाली नालियों का स्थलीय निरीक्षण कर जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नालियों के समुचित प्रबंधन तथा स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।

कार्यक्रम में जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना, वन रक्षक श्रीकृष्ण, वरिष्ठ समाजसेवी ब्रजकिशोर शर्मा, प्रेमशरण शर्मा, अजय रघुवंशी, रंजीत, ऋषि प्रताप सिंह, गंगा समग्र से मैथिलीशरण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments