शाहजहांपुर। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को जनपद शाहजहांपुर की तहसील तिलहर अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरमपुर के गांव मरेना स्थित अमृत सरोवर पर योग पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षक चिवनाथ पाल एवं मिनी शर्मा ने उपस्थित जनमानस को प्रकृति से जुड़े रहने और नियमित योग करने के लाभों की जानकारी दी। इस दौरान योग प्रोटोकॉल के अनुसार ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, ताड़ासन, घुटना संचालन, भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, शीतली प्राणायाम एवं भस्त्रिका प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
अमृत सरोवर परिसर में आयोजित इस योग सत्र में लाभार्थियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रवीण कुमार गंगवार, सुधीर गंगवार, अमित कुमार, सौरभ कुमार, गौरव गंगवार, धर्मपाल, सुमित गंगवार, मेवाराम सहित अनेक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योग सहायक नमित कुमार का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन अपना सकें।
