रिपोर्ट – राकेश कुमार
मेरठ, नगीना। दिल्ली जाते समय मंगलवार को मेरठ हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में नगीना निवासी कफिल अहमद कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला काजी सराय निवासी कफिल अहमद कुरैशी कुछ सवारियों को लेकर इंडिका कार से दिल्ली जा रहे थे। मेरठ हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार इंडिका ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कफिल अहमद कुरैशी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
हादसे की खबर नगीना पहुंचते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद शव नगीना लाया गया। बाद नमाज-ए-ईशा मोहल्ला काजी सराय स्थित कब्रिस्तान में जनाजे की नमाज अदा करने के बाद कफिल अहमद कुरैशी को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। जनाजे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
