Homeउत्तर प्रदेशमहिलाओं की सुरक्षा का संदेश लेकर पुलिस ने निकाला पैदल मार्च

महिलाओं की सुरक्षा का संदेश लेकर पुलिस ने निकाला पैदल मार्च

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। रिजर्व पुलिस लाइन से शिव चौक तक निकाले गए मार्च को एसएसपी सूरज कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मार्च में पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षक, आशा बहुएं, होमगार्ड, पीआरडी जवान और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

पैदल मार्च के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए पंपलेट बांटे गए। उन्हें महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस ने संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है।

मार्च में एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ खतौली रूपाली राय और सीओ जानसठ ऋषिका सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। विभिन्न विभागों की भागीदारी के जरिए महिला सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

मुसीबत में चुप न रहें, हेल्पलाइन पर करें संपर्क

पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य अपराध की स्थिति में बिना डर के शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्हें आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098 की जानकारी दी गई। साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 नंबर भी बताए गए।

मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत पुलिस का जोर महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करने और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर है। पुलिस ने आमजन से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने और किसी भी आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments