रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शिव सेना (भवानी सेना) महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने की, जबकि संचालन सविता गौतम ने किया।
बैठक में महिला मोर्चा की जिला कमेटी के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निशा वर्मा को जिला कोषाध्यक्ष, पूनम चाहल को जिला उपाध्यक्ष और राखी प्रजापति को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि शेष जिला कमेटी का गठन भी अगले तीन-चार दिनों में पूरा कर सूची कार्यालय को सौंप दी जाएगी।
बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। महिला मोर्चा को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान तेज करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि महिला मोर्चा को गांव से लेकर शहर तक जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जाएंगे और संगठन की गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
बैठक में सविता गौतम, पूनम गर्ग, सविता कश्यप, जिला महामंत्री सुमन प्रजापति, अनीता प्रजापति, आरती पाल, कमलेश, अनीता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहीं।
