रिपोर्ट – रजनीश शर्मा
हरदोई। हरदोई की सवायजपुर और बिलग्राम तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण गंगा और गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांव प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं की जांच-पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों की फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुई क्षति का आकलन कराकर शासन द्वारा अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
वहीं राहत शिविरों में आमजन और पशुओं को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैनात चिकित्सकों से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। प्रभावित लोगों के बीच राशन किट समेत अन्य आवश्यक सामग्री का भी वितरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
