रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। थाना सरधुवा पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झूठा वादा करके बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त इन्द्रजीत पुत्र सुधान निषाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चित्रकूट अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना सरधुवा क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 27 सितंबर 2026 को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने पर जानकारी मिली कि ग्राम सुरवल निवासी इन्द्रजीत ने शादी का झूठा वादा करके उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत के आधार पर थाना सरधुवा में मुकदमा अपराध संख्या 156/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में मामला दर्ज किया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सरधुवा प्रकाश यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वांछित अभियुक्त इन्द्रजीत पुत्र सुधान निषाद को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश यादव, कांस्टेबल आकाश यादव, चालक कांस्टेबल देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
