रिपोर्ट – विजय प्रताप गुप्ता
बहराइच। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के बसंत बिहार मोहल्ले में देर शाम अधिवक्ता एवं अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष बाबू राम तिवारी पर तीन हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले के दौरान शोर मचाने पर परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने एक हमलावर को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, बाबू राम तिवारी अपने घर में बने चैंबर में बैठे थे। इसी दौरान किसी ने घर की घंटी बजाई। घंटी बजने पर जैसे ही वह बाहर निकले, वहां मौजूद तीन हमलावरों ने उन पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। हमलावरों से बचने के लिए अधिवक्ता धक्का देकर शोर मचाते हुए घर के अंदर भागे।शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग बाहर निकल आए। लोगों ने घेराबंदी कर एक हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष राकेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता देहात कोतवाली पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने बताया कि तीन लोगों ने साथी अधिवक्ता बाबू राम तिवारी पर हमला करने का प्रयास किया था। एक आरोपी को मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया है, जबकि दो फरार हैं। हमलावर किन कारणों के चलते अधिवक्ता पर हमला करने आए थे इसका पता नहीं चल सका है
देहात कोतवाल दद्दन सिंह ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
