रिपोर्ट: श्रावस्ती
इकौना क्षेत्र में दिनदहाड़े वारदात
श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र स्थित भामेपारा में रविवार को दिनदहाड़े गल्ला व्यापारी से ₹1.5 लाख की लूट की घटना सामने आई। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चावल खरीदने का बहाना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार एक युवक शिवांशी ट्रेडर्स पर पहुंचा और खुद को ठेकेदार बताते हुए एक बोरी चावल खरीदने की बात कही। उसने व्यापारी को गोदाम से चावल दिखाने के लिए भेज दिया। इसी दौरान आरोपी ने दुकान के काउंटर पर रखे ₹1.5 लाख लेकर फरार हो गया।
बैंक से निकालकर लाए गए थे रुपये
बताया जा रहा है कि व्यापारी यह रकम बैंक से निकालकर भुगतान करने के लिए लाया था। आरोपी मौके का फायदा उठाकर नकदी लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी बिना हेलमेट के था और उसने सफेद गमछा, काली टी-शर्ट तथा काली पैंट पहन रखी थी।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी लूट और चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। ताजा घटना के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
