Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

निवेश के नाम पर ‘न्यूमैक्स सिटी’ में लाखों की ठगी, भड़के निवेशकों का हंगामा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘न्यूमैक्स सिटी’ प्रोजेक्ट में फंसे निवेशकों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा, जब बड़ी संख्या में लोग साइट पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। अचानक बढ़ी भीड़ और तीखे विरोध के चलते मौके पर तनावपूर्ण हालात बन गए।
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी के प्रबंधकों ने सुनियोजित तरीके से निवेशकों को जाल में फंसाया। गाजियाबाद निवासी अमित पुत्र मूलचंद का कहना है कि उन्हें 6 से 8 महीने में 10 से 15 प्रतिशत तक लाभ का लालच दिया गया था। इसी भरोसे में आकर उन्होंने 10 अक्टूबर 2024 को 75 लाख रुपये निवेश कर दिए। अब न तो तय समय में मुनाफा मिला और न ही मूलधन लौटाया जा रहा है।
अमित ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निवेश के समय प्रोजेक्ट का आरईआरए पंजीकरण तक नहीं था, लेकिन इस अहम तथ्य को कंपनी ने जानबूझकर छिपाया। जब उन्होंने अपने पैसे की मांग की तो उन्हें टालमटोल और धमकियों का सामना करना पड़ा।
इसी कड़ी में गाजियाबाद की निवेशिका किरण त्यागी ने भी 19 लाख रुपये फंसने की बात कही। उन्होंने बताया कि चेक के माध्यम से रकम जमा कराई गई थी और अच्छे रिटर्न का भरोसा दिया गया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। “सुबह से साइट पर खड़ी हूं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं,” उन्होंने नाराजगी जताई।
एक अन्य निवेशक उदय अग्रवाल ने भी कंपनी पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान और बेहतर मुनाफे के वादे अब हवा हो चुके हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर चलाने की अपील की है।
निवेशकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी रकम वापस नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल ‘न्यूमैक्स सिटी’ प्रोजेक्ट को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पीड़ितों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।

निवेश के नाम पर ‘न्यूमैक्स सिटी’ में लाखों की ठगी, भड़के निवेशकों का हंगामा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles