Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान: शहर से हटाया अतिक्रमण, 70 वाहनों पर चला चालान का डंडा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर की सड़कों पर सोमवार को यातायात पुलिस ने सख्ती का संदेश देते हुए बड़ा अभियान चलाया। अतिक्रमण से घिरी सड़कों को खाली कराया गया, वहीं नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से दिनभर वाहन चालकों और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा रहा।
क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने महावीर चौक से प्रकाश चौक, कोर्ट रोड होते हुए अंबेडकर चौराहे तक सघन अभियान चलाया। सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों और अतिक्रमण को हटवाकर मार्ग को साफ कराया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।
इसके साथ ही नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी करने वाले 70 वाहन चालकों के चालान काटे गए। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक जल्दबाजी में अपने वाहन हटाते नजर आए।
शहर के व्यस्त मार्गों पर लंबे समय से अतिक्रमण और गलत पार्किंग के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में पुलिस की इस मुहिम से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न बैठाएं और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और जाममुक्त शहर के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान: शहर से हटाया अतिक्रमण, 70 वाहनों पर चला चालान का डंडा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles