Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को फेडरेशन सभागार में आयोजित जिला व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों ने नगर पालिका, बिजली विभाग और मंडी समिति से जुड़ी कई समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहर के नालों के निर्माण, मरम्मत और सफाई का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नालों की सफाई और मरम्मत में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विद्युत विभाग को भी कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली के खंभों पर अवैध रूप से लटके तारों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही जिन क्षेत्रों में बिजली के खंभे जर्जर स्थिति में हैं, उन्हें जल्द ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका समाप्त की जा सके।
मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी ने 9 मार्च को राज्य कर विभाग, मंडी समिति के अधिकारियों और संबंधित व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने के निर्देश दिए, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके। इसके अलावा मंडी से जुड़ी अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए मंडी सचिव को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी नाली-नालों की सफाई, निर्माण और मरम्मत का कार्य समयबद्ध तरीके से कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर, देशभूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles