Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

मिलावटखोरों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

Spread the love

खाद्य सुरक्षा विभाग का ताबड़तोड़ छापामार अभियान,भारी मात्रा में खाद्य तेल सीज

मिलावट पर जीरो टॉलरेंस, प्रशासन ने दिखाई सख्ती

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशों के क्रम में जनपद में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी करते हुए कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए तथा संदिग्ध खाद्य तेल की बड़ी खेप को सीज किया।
सहायक आयुक्त अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में दिनांक 06 एवं 07 मई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सदर बाजार, टांडा, शाहबाद सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान एडिबल वेजिटेबल ऑयल, राइस ब्रान ऑयल, रिफाइंड तेल, कच्ची घानी सरसों तेल, रस्क, डबल टोन दूध एवं घी आदि खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर लगभग 523 किलोग्राम एडिबल वेजिटेबल ऑयल एवं 58 लीटर राइस ब्रान ऑयल को मौके पर ही सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन उत्पादों की जांच रिपोर्ट आने तक इन्हें विक्रय नहीं किया जा सकेगा।
अभियान के अंतर्गत कुल 09 विधिक नमूने एवं 01 सर्विलांस नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचन्द्र यादव, मनोज कुमार, अशोक कुमार, देवकान्त, राहतुद्दीन दोस्तो सहित विभागीय टीम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles