Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

भोपा में शराब के विवाद ने ली जान, 24 घंटे में हत्यारोपी दबोचा

Spread the love

ईंट से वार कर की थी हत्या, पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ईंट और मृतक की जैकेट बरामद

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव अथाई में युवक के सिर पर ईंट से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को भोपा पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त इंटरलॉकिंग ईंट और मृतक की चैनदार जैकेट भी बरामद कर ली है।
थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम पुत्र लोकेन्द्र निवासी ग्राम अथाई को अथाई रोड पर बनी टंकी के पास से दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार 6 मई को मृतक अजय की पत्नी शीतल ने थाना भोपा में तहरीर देकर बताया था कि शुभम ने उनके पति अजय पुत्र जयपाल पर जानलेवा हमला किया था। सिर पर ईंट लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
पूछताछ में आरोपी शुभम ने बताया कि 22 अप्रैल को गांव के बाहर ट्यूबवेल पर अजय शराब पीकर पड़ा था। उसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच गाली-गलौज हो गई। गुस्से में उसने पास में पड़ी ईंट उठाकर अजय के सिर पर दे मारी और मौके से फरार हो गया।
भोपा पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles