Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बुढ़ाना में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन, 90 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुढ़ाना कस्बे के केशव मैरिज होम में सोमवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अलग-अलग समुदायों के 90 जोड़े एक साथ विवाह बंधन में बंध गए। पूरे समारोह में उत्सव और खुशी का माहौल रहा तथा नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और गृहस्थी का सामान भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है। इस योजना के तहत अब सहायता राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है। इसमें से प्रत्येक जोड़े को 65 हजार रुपये नकद दिए जा रहे हैं, जबकि शेष 35 हजार रुपये की राशि से नवदंपतियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान और विवाह समारोह की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
समारोह में सामाजिक समरसता की भी अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर करीब 27 से 28 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार पढ़वाया गया। एक ही मंच पर अलग-अलग समुदायों के जोड़ों का विवाह संपन्न होने से कार्यक्रम सर्वधर्म समभाव की मिसाल बन गया।
केशव मैरिज होम का पूरा प्रांगण फूलों और आकर्षक सजावट से सजा हुआ था। परिवारों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में नवदंपतियों की खुशियां देखते ही बन रही थीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान बधाइयों, संगीत और उत्साह का माहौल बना रहा। विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह योजना गरीब परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोग बिना किसी बोझ के अपने बच्चों का विवाह सम्मानपूर्वक करा पा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles