Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

बच्चों की याददाश्त निखारने को मेमोरी वर्कशॉप का भव्य आयोजन, 2026 के टॉपर्स सम्मानित

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शहर के होटल स्वागत में शनिवार को ए ट्रीज संस्था द्वारा बैगलेस फाउंडेशन के सहयोग से मेमोरी वर्कशॉप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मुख्य अतिथि रहीं। कार्यशाला में जिले के प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और कोचिंग सेंटर संचालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मीनाक्षी स्वरूप, योगेश गुप्ता, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. रणवीर सिंह, आशीष द्विवेदी, राजकुमार कटारिया, बैगलेस फाउंडेशन के संस्थापक नरेंद्र सिंह, ए ट्रीज संस्था के संस्थापक राजीव वर्मा और सचिव वरुण वर्मा मौजूद रहे।
संस्था पदाधिकारियों ने अतिथियों को लाइव प्लांट, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


संस्था के संस्थापक राजीव वर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति बढ़ाने और पढ़ाई को सरल बनाने के उद्देश्य से इस मेमोरी वर्कशॉप का आयोजन किया गया है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नरेंद्र सिंह ने पीपीटी के माध्यम से निमोनिक साइंस और चित्र आधारित तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही तरीके से अभ्यास कर छात्र अपनी याददाश्त को तेज और पढ़ाई को आसान बना सकते हैं।
मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने जनपद के वर्ष 2026 के मेधावी टॉपर्स को सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि ए ट्रीज संस्था का यह प्रयास सराहनीय है और ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए, जिससे बच्चों को नई दिशा मिले।
उन्होंने कहा कि यदि जिले के सभी स्कूलों में इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित हों तो बच्चों का मानसिक विकास होगा, उनका भविष्य उज्ज्वल बनेगा और मुज़फ्फरनगर का नाम देशभर में रोशन होगा।
कार्यक्रम के अंत में राजीव वर्मा ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles