Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पुलिस लाइन में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की शुरुआत, तनावमुक्त और सशक्त पुलिसिंग की ओर कदम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से मजबूत और तनावमुक्त बनाने की दिशा में मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। रिजर्व पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय ने विधिवत किया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि बदलते समय में पुलिसकर्मियों पर कार्य का दबाव लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में मानसिक संतुलन बनाए रखना और तनाव को नियंत्रित करना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ जैसे कार्यक्रम न केवल मानसिक शांति देते हैं, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व को भी निखारते हैं और कार्यक्षमता में वृद्धि करते हैं। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों से अपील की कि वे पूरे समर्पण और मनोयोग से इस प्रशिक्षण में भाग लें।
वहीं योग शिक्षिका डॉ. नीलम राय ने अपने संबोधन में योग, ध्यान और प्राणायाम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इससे न केवल व्यवहार में सुधार आता है, बल्कि कार्य के प्रति दृष्टिकोण भी सकारात्मक बनता है।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा रिक्रूट आरक्षियों को योग, ध्यान, प्राणायाम और तनाव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles