Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

एक दिन की ‘थाना प्रभारी’ बनी छात्रा, मिशन शक्ति में दिखा महिला सशक्तिकरण का दम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत जनपद में एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। एएचटीयू थाने में मदनी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की मेधावी छात्रा कुमारी अलीशा को एक दिन के लिए थाना प्रभारी का कार्यभार सौंपा गया, जहां उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई।
कार्यभार संभालते ही कुमारी अलीशा ने सबसे पहले थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया और पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की, जिसमें आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। अलीशा ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की तह तक जाने का प्रयास किया और संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस दौरान थाने में मौजूद अन्य छात्राओं को भी पुलिस की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्राओं ने न केवल पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं को समझा, बल्कि कानून के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी जाना।
मिशन शक्ति के तहत की गई यह पहल छात्राओं के भीतर आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। इससे जहां एक ओर बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और समाज के बीच विश्वास और संवाद भी मजबूत हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles