Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बना गुप्ता कैफे, नाबालिग छात्राओं के साथ युवक पकड़े गए, इलाके में उबाल

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित गौशाला रोड पर संचालित गुप्ता कैफे बुधवार को उस वक्त इलाके की शर्मनाक तस्वीर बनकर सामने आया, जब मोहल्लेवासियों ने नाबालिग छात्राओं के साथ युवकों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। जैसे ही इस घटना की भनक आसपास के लोगों को लगी, देखते ही देखते मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी और आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए मोहल्लेवासियों ने एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि दूसरा युवक अफरा-तफरी के बीच लोगों को धक्का देता हुआ फरार हो गया। इस दौरान नाबालिग छात्राएं चेहरा ढककर मौके से भागती नजर आईं, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी, वहीं कैफे के अंदर बने कमरों की तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की भी चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुप्ता कैफे लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों का अड्डा बना हुआ था और यहां घंटों के हिसाब से कमरे दिए जाते थे, जिससे इस तरह की हरकतों को खुला संरक्षण मिल रहा था।
स्थानीय निवासी और व्यापारी नेता संजय मिश्रा ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस कैफे को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन हर बार मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्ती की गई होती, तो नाबालिग छात्राओं को इस तरह की परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता। घटना के बाद मोहल्ले में भारी आक्रोश है और लोग खुलकर गुप्ता कैफे को तत्काल बंद कराने की मांग कर रहे हैं।
मोहल्लेवासियों का साफ कहना है कि नाबालिगों को शामिल कर अनैतिक गतिविधियां कराने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है, फरार युवक की तलाश जारी है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles