रिपोर्ट – हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ आज 09 सितंबर 2026 को कल्प वृक्ष सभागार, कुछेछा, हमीरपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी/प्रभारी, मुख्य सेविकाएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की अध्यक्षता एवं केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार अन्नपूर्णा की गरिमामयी उपस्थिति में रुद्राक्ष इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एंड कन्वेंशन सेंटर, वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का पूर्वाह्न 11 बजे से सजीव प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से अवलोकन किया गया। इसमें विभागीय अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं तथा फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं ने व्यापक सहभागिता की।
सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री माताओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण की रोकथाम के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में जनपद में भी राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पोषण जागरूकता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा कुपोषण से बचाव के संबंध में व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की प्रमुख थीम में आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास हेतु पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य हेतु नकद हस्तांतरण को प्रमुखता दी गई है।
जनपद में राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस अवधि में आंगनवाड़ी केंद्रों पर सप्ताहवार निर्धारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा उनके परिवारों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कुपोषण की रोकथाम एवं स्वस्थ बाल विकास के लिए जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति भिलवारे द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी इन्द्रपाल सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय पोषण माह को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
