Homeराष्ट्रीय2.29 करोड़ रूपये की लागत से होगी राम रहीम सेतु की मरम्मत,...

2.29 करोड़ रूपये की लागत से होगी राम रहीम सेतु की मरम्मत, तीन माह तक बंद रहेगा पुल

शहर विधायक आकाश सक्सेना ने लोक निर्माण विभाग को भेजा था प्रस्ताव

पुल बनने के बाद से नहीं हुई है मरम्मत, पुल के ज्वाइंट आदि कराए जाएंगे ठीक

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। लोक निर्माण विभाग की ओर से राम रहीम सेतु की मरम्मत कराई जाएगी। इसमें 2.29 करोड़ रूपये खर्च होंगे। तीन माह तक चलने वाले इस कार्य की वजह से राम रहीम सेतु पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। इस कार्य को शासन से मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद विभागीय स्तर पर टेंडर आदि प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। यह प्रस्ताव शहर विधायक आकाश सक्सेना ने भेजा था।

ज्वालानगर रेलवे क्रासिंग पर आए दिन होने वाले हादसों को रोकने एवं फाटक बंद होने की वजह से लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए शासन ने वर्ष 1999 में पुल को मंजूरी दी थी। जिसके बाद 2006 में यह पुल बनकर तैयार हो गया और लोगों के लिए खोल दिया गया था। किंतु, 20 वर्ष बीतने के बाद भी पुल पर अब तक एक भी बार मरम्मत कार्य नहीं हुआ है। जिस कारण बरसात के दिनों में जगह-जगह से पुल की सड़क धंस जाती है। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कतें होती हैं। जनता की समस्याओं को देखते हुए शहर विधायक आकाश सक्सेना ने पुल की मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसके बाद शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत पुल की मरम्मत पर करीब 2.29 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता गौरव ने बताया कि पुल की मरम्मत का काम करीब छह माह तक चलेगा। जिसमें से तीन माह तक पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद रहेगा। इसमें पुल के ज्वाइंट, ऊपरी परत आदि ठीक किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ज्वालानगर और सिविल लाइंस के संपर्क का एक मात्र विकल्प है राम रहीम सेतु

रामपुर। राम रहीम सेतु ज्वालानगर और सिविल लाइंस के संपर्क का एक मात्र विकल्प है। ऐसे में पुल की मरम्मत के दौरान लोगों को दिक्कतें होना स्वभाविक है। सिर्फ ज्वालानगर की ही बात की जाए, तो करीब 60 हजार से अधिक आबादी निवास करती है।


वैकल्पिक मार्गों से होगा आवागमन

रामपुर। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल की मरम्मत के दौरान बाधित होने वाले यातायात पर शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि पनवड़िया रेलवे क्रासिंग और आगापुर के सीआरपीएफ के पास स्थित अंडरपास के माध्यम से लोगों का आवागमन हो सकेगा।

राम रहीम सेतु का जब से निर्माण हुआ है, तब से इसकी कोई मरम्मत नहीं हो सकी है। जिस कारण पुल कमजोर हो रहा था। ऐसे में पुल की मजबूती व लोगों की सुरक्षा के लिहाज से यह कार्य अत्यंत आवश्यक था। इसी वजह से शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। 2.29 करोड़ रूपये की लागत से पुल की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। – आकाश सक्सेना, शहर विधायक, रामपुर

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments