रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में ईद-उल-फितर का त्योहार इस बार अभूतपूर्व उत्साह, आपसी भाईचारे और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। शहर के सबसे बड़े ईदगाह स्थल पर हजारों की संख्या में नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा कर देश और प्रदेश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मुख्य ईदगाह पर सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हर तरफ सफेद कुर्ता-पायजामा और नई पोशाकों में सजे नमाजी नमाज के लिए पहुंचते नजर आए। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे माहौल में भाईचारे और सौहार्द की अद्भुत तस्वीर देखने को मिली।
ईद के मौके पर जिले के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों में भी नमाज शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराई गई। कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी रखी गई, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर बनी रही।
त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स लगाई गई थी, वहीं खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय रहा।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक भी ईदगाह पहुंचे और नमाजियों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है, जिसे सभी को मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए।
कुल मिलाकर मुजफ्फरनगर में ईद-उल-फितर का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया, जहां हर वर्ग के लोगों ने मिलजुलकर इस त्योहार को मनाया।

