भाई को परीक्षा दिलाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहा पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई को परीक्षा दिलाकर वापस लौट रहे युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जनपद हापुड़ निवासी 26 वर्षीय रोहित पुत्र महेश अपने छोटे भाई पवन पुत्र महेश को उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती की लिखित परीक्षा दिलाने के लिए मुजफ्फरनगर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों भाई बाइक से वापस अपने घर हापुड़ लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही दोनों भाई छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहा के पास पहुंचे, तभी अचानक तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका भाई भी घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से घायल रोहित को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि रोहित अपने भाई के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर उसे परीक्षा दिलाने आया था, लेकिन घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *