रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। शासन के निर्देशों के क्रम में बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सख्त रुख में नजर आए। उन्होंने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पीड़ितों ने जमीन विवाद, मारपीट, पारिवारिक कलह और महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें एसएसपी के समक्ष रखीं। एसएसपी ने सभी प्रार्थना पत्रों को ध्यानपूर्वक पढ़ते हुए संबंधित थाना प्रभारियों व अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान महिला अपराधों से संबंधित मामलों को विशेष गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से क्विक रिस्पॉन्स टीम (महिला विंग) को मौके पर भेजा गया, ताकि पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता मिल सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।
एसएसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और शिकायतों का समाधान पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से किया जाए, ताकि आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से चक्कर न लगाने पड़ें और हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

