रिपोर्ट – एकरार खान

गाजीपुर। जनपद के नन्दगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा नवाजू राय (पोस्ट–नन्दगंज) में अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालन का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी द्वारा जिलाधिकारी गाजीपुर को लिखित शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता पंकज कुमार राय पुत्र अमर नारायण राय ने आरोप लगाया है कि ग्राम–उतरौली स्थित एक ईंट भट्ठा बिना वैध लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त भट्ठा को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ के निर्देशों के तहत लाइसेंस निरस्त किए जाने के बावजूद भी चालू रखा गया है, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिना अनुमति चल रहे भट्ठे से क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए और अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठे को बंद कराया जाए, साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तेजी से संज्ञान लेता है और अवैध संचालन पर कब तक रोक लगती है।

