रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पचेंडा रोड स्थित गोल्डन पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक ग्रेजुएशन सेरेमनी एवं परीक्षाफल वितरण समारोह ने शनिवार को उत्साह, उमंग और उपलब्धियों का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया। गरिमामय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा रंग बिखेरा कि अभिभावक और अतिथि भावुक भी हुए और गर्व से सराबोर भी नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष इंद्रसेन बिंदल, उपाध्यक्ष अनमोल ढींगरा, सचिव सुशील कुमार, उपसचिव रितिका बिंदल, कोषाध्यक्षा ऋतु शर्मा एवं प्रधानाचार्या पूनम वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सरस्वती वंदना और गणेश वंदना की मधुर प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
इसके बाद मंच पर छोटे-छोटे बच्चों ने नृत्य, गीत और नाटक के माध्यम से ऐसी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज यह बता रही थी कि बच्चों की मेहनत और आत्मविश्वास ने सभी का दिल जीत लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण ग्रेजुएशन सेरेमनी रहा, जहां प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों को उनके शैक्षिक सफर के पहले पड़ाव को पार करने पर ग्रेजुएशन सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान किए गए। साथ ही वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रधानाचार्या पूनम वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सफलता की बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास ही जीवन में आगे बढ़ने की असली कुंजी हैं। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन ने न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि उनके जीवन में एक नई शुरुआत का संदेश भी दिया।

