उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को डीएम-एसपी ने संभाली कमान, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

Spread the love

पुलिस भर्ती परीक्षा की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर

भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने को केंद्र व्यवस्थापकों कड़े निर्देश

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दृष्टिगत जनपद रामपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का दूसरे दिन भी जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिला डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक, मुर्तजा, रजा राजकीय इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की गहनता से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच प्रक्रिया को सुनिश्चित करने तथा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जांच की।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रजा राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंच कर बनाए गए स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया तथा जनपद स्तर पर बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही लाइव निगरानी व्यवस्था को बारीकी से देखा। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *