रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शनिवार को मेरठ रोड स्थित विकास भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली और अनियमितताओं पर नाराज़गी जताई।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी देशभूषण, कमल किशोर कण्डारकर तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि गैस जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी व समयबद्ध बनाया जाए।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन कई क्षेत्रों से गैस वितरण में देरी और अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं, जो गंभीर विषय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखी जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए।
उन्होंने जमाखोरी और गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग पर भी कड़ी नाराज़गी जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध भंडारण करने वाले और कालाबाजारी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर समय से गैस मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय ने बताया कि गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ काम कर गैस आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भरोसा दिया, ताकि जनपद के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

