रिपोर्ट – कबीर


मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के अमीरनगर गांव में दो पक्षों के बीच हुए पथराव का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को अमीरनगर गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद तितावी थाना पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और पुलिस टीम को गांव भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान भी कराई जा रही है और उनकी भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था, हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते हालात जल्द ही सामान्य हो गए। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है ताकि दोबारा कोई विवाद न हो सके।
