सांगाठेड़ा प्रकरण पर गरमाया माहौल, धर्मांतरण कानून के तहत सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर


मुज़फ़्फ़रनगर। सांगाठेड़ा प्रकरण को लेकर जनपद में सियासी और सामाजिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद से जुड़े बजरंग दल के जिला अध्यक्ष देशराज चौहान ने शनिवार को तीखा बयान जारी करते हुए कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील और ज्वलनशील है, जिस पर प्रशासन को तत्काल और कठोर रुख अपनाना चाहिए।
देशराज चौहान ने आरोप लगाया कि एक युवक ने क्षेत्र में पहले किराये पर दुकान लेकर लोकवाणी केंद्र संचालित किया और बाद में एक युवती को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाया। उन्होंने इसे समाज के विश्वास के साथ धोखा बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों से सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचता है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण और लव जिहाद जैसे मामलों को लेकर सख्त कानून लागू हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार है, जिसने ऐसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए स्पष्ट नीति बनाई है, इसलिए इस प्रकरण में भी उसी सख्ती की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों को इस मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में आगे आना चाहिए। बजरंग दल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। सांगाठेड़ा प्रकरण को लेकर फिलहाल माहौल संवेदनशील बना हुआ है और सभी की नजरें प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *