होली पर सेहत से खिलवाड़! मिलावट के अड्डे पर छापा

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। होली से पहले मिलावट के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के वेहलनहा चौक स्थित एक तेल फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 16 लाख रुपये का सरसों तेल और राइस ब्रान ऑयल सीज कर दिया है। फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरी यूनिट को सील कर दिया गया है। त्योहार के मौके पर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

होली नज़दीक… बाज़ार में तेल की खपत बढ़ी… और इसी के साथ मिलावटखोर भी सक्रिय। लेकिन इस बार प्रशासन ने पहले ही मोर्चा संभाल लिया। आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश की टीम ने सहारनपुर मंडल के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी के राठी के नेतृत्व में वेहलनहा चौक स्थित काव्य ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश दी।
पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर को चारों ओर से घेर लिया। अंदर भारी मात्रा में तेल का स्टॉक मिला। जांच के दौरान सरसों तेल के 3, राइस ब्रान ऑयल के 4 और मौके पर तैयार किए जा रहे रंग का 1 विधिक नमूना लिया गया। कुल 8 नमूने सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
छापेमारी के दौरान टैंकरों में भरा करीब 8000 लीटर तेल बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 11 लाख 23 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 250 टीन पैक्ड सरसों तेल और राइस ब्रान ऑयल भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 68 हजार रुपये बताई जा रही है। कुल मिलाकर लगभग 16 लाख रुपये का तेल प्रशासन ने कब्जे में लिया है।
कार्रवाई के बाद पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया गया। फैक्ट्री मालिक विक्रांत मित्तल को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कराया गया और पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
होली से पहले हुई इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप है। प्रशासन का साफ संदेश है— त्योहार पर ज़हर बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *