Headlines

सर्राफा कारोबारी से हड़पी गई 14.6 किलो सफेद धातु बरामद, कोतवाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर की अहम भूमिका

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फ़रनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने सर्राफा कारोबारी से आभूषण लेकर वापस न करने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14.6 किलोग्राम सफेद धातु के साथ वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई न सिर्फ पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि सर्राफा व्यापार से जुड़े लोगों में भरोसा भी मजबूत करती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में दर्ज मुकदमा संख्या 28/2026 धारा 316(4)/317(2) बीएनएस में विशेष टीम का गठन किया गया था। आरोप था कि सर्राफा मार्केट में एक सुनार से आभूषण बेचने के नाम पर लिए गए, लेकिन वापस मांगे जाने पर लालच में उन्हें हड़प लिया गया।
मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार दबिशें दीं। इस दौरान आबकारी चौकी इंचार्ज व उपनिरीक्षक शशि कपूर की भूमिका खास तौर पर सराहनीय रही। शशि कपूर ने तकनीकी जानकारी, स्थानीय इनपुट और सतर्क निगरानी के जरिए अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके चलते पुलिस को निर्णायक सफलता मिली।
पुलिस टीम ने 19 जनवरी 2026 की शाम 6:45 बजे अभियुक्त चन्द्रमणि शर्मा पुत्र स्व. रामअवतार शर्मा, निवासी 53/2 लेबर कॉलोनी, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर (उम्र करीब 40 वर्ष) को चरथावल रोड से न्याजुपुरा जाने वाले मार्ग पर स्थित पुल के पास से दबोच लिया। अभियुक्त के कब्जे से कुल 14.6 किलोग्राम सफेद धातु बरामद हुई, जिसमें 13.46 किलोग्राम के आभूषण, 640 ग्राम सफेद धातु के सिक्के और 500 ग्राम के दो बार शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त को समय से माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस सफल अनावरण के बाद कोतवाली नगर पुलिस, विशेष रूप से प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा और आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *