रिपोर्ट – शिवांश कुमार

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के कैलिया थाना क्षेत्र के कूड़ा गांव में एक डेढ़ माह के नवजात शिशु की वैक्सीन लगने के बाद मौत हो गई है। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि शिशु को टीका लगने के बाद तेज बुखार हुआ और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सीएमओ देवेंद्र भिटौरिया ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
पूरा मामला कैलिया थाना क्षेत्र का है। बीते दिन मासूम को टीकाकरण अभियान के तहत उसे वैक्सीन दी गई। परिजनों के मुताबिक टीका लगने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई और उसे तेज बुखार चढ़ आया। देर रात बच्चे की हालत और गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई।
मासूम के नाना राजकुमार ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सीधे तौर पर टीकाकरण को ही मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शिशु के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम करने के बाद मौत के सही कारणों का पता लगाया जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटा हुआ है। सीएमओ देवेंद्र भिटौरिया ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
