उत्तम उद्योग व्यापार मंडल ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर जताया रोष

Spread the love

अधिशाषी अभियंता को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट – अनिल कुमार

फतेहपुर। विद्युत विभाग की सुस्त कार्यशैली और उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानियों को लेकर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने सोमवार 24 नवंबर 2025 को अधिशाषी अभियंता रत्नेश जायसवाल को एक मांगपत्र सौंपते हुए विभाग के खिलाफ कड़ी नाराज़गी जताई। ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के नेतृत्व में सौंपा गया।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद तय समय सीमा में नए विद्युत कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। लोगों को महीनों विभागीय चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शहर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां विद्युतीकरण न होने के कारण उपभोक्ताओं को कनेक्शन ही उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। तिवारी ने बताया कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं पर विभाग द्वारा अनावश्यक रूप से भारी-भरकम एस्टीमेट थोपे जा रहे हैं, जिससे आम जनता आर्थिक बोझ का सामना कर रही है। मीटर संबंधी जैसी कई समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं पर अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। यदि मीटर बदलना आवश्यक हो, तो उपभोक्ता को लिखित सूचना, कारण एवं शासनादेश की प्रति उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और संरचना की पत्रिका भी दी जाए, जिससे उपभोक्ता अपने मीटर की पूरी जानकारी समझ सके। संगठन ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने हेतु एकल शिकायत निवारण पटल की स्थापना की मांग भी उठाई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि विभाग उपरोक्त बिंदुओं पर समय से आवश्यक कार्रवाई नहीं करता है, तो मुद्दे को शासन स्तर पर उठाया जाएगा और आवश्यक होने पर आंदोलन भी किया जाएगा। जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने कहा कि विद्युत विभाग की कार्यशैली बेहद लापरवाह है। जनता समस्याओं से परेशान है, जबकि विभाग को इससे कोई सरोकार नहीं। विभाग को अपनी कार्यशैली में तत्काल सुधार करना होगा। इस दौरान संदीप श्रीवास्तव, आकाश सिंह भदौरिया, जय किशन, प्रशांत सिंह चौहान, सलामत अली, अनिल महाजन, संदीप पाल, शारदा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *