एसडीआरएफ टीम का सर्च ऑपरेशन जारी डूबे युवक का नहीं मिला सुराग

Spread the love

रिपोर्ट – अनिल कुमार

विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के यमुना घाट पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार में शामिल होने गए युवक के डूबने की घटना के बाद शनिवार को भी तलाश अभियान जारी रहा। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

बताया गया कि भूपेंद्र सिंह (35 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह निवासी किशनपुर कस्बा शुक्रवार को अपने पड़ोसी के परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए यमुना घाट गया था। संस्कार के बाद जब वह अन्य ग्रामीणों के साथ स्नान कर रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। कुछ ही पलों में घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। इसके बाद शनिवार सुबह एसडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची और यमुना नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

टीम के गोताखोर लगातार नदी की गहराइयों में युवक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। वहीं घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की भी भारी भीड़ जुटी हुई है, जिससे पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं।

थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि “एसडीआरएफ टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। उम्मीद है कि जल्द ही युवक का पता चल जाएगा।”
घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि परिजन यमुना किनारे युवक की सलामती की आस लगाए बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *