रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में बुधवार को प्राकृतिक चिकित्सा दिवस-2026 के अवसर पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और खानपान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई।
आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश और एनआईएन के सहयोग से आईएनओ की ओर से आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रही। सुबह की प्रार्थना सभा में आयोजित कार्यशाला में डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और इसके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा में केवल बीमारी के उपचार पर नहीं, बल्कि व्यक्ति की पूरी जीवनशैली और स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाता है। संतुलित खानपान, पर्याप्त आराम, नियमित व्यायाम और तनाव प्रबंधन से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि भारत में प्रत्येक वर्ष 18 नवंबर को राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2018 में आयुष मंत्रालय ने की थी। 18 नवंबर 1945 को महात्मा गांधी ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने थे। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष नौवें प्राकृतिक चिकित्सा दिवस की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रखी गई है।
डॉ. राजीव कुमार ने प्राकृतिक चिकित्सा में पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश यानी पंचतत्वों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने मड थेरेपी, हाइड्रोथेरेपी, आहार चिकित्सा, मसाज थेरेपी और सन थेरेपी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा में योग, प्राणायाम और ध्यान को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। नियमित योग और संतुलित दिनचर्या से शारीरिक सक्रियता और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में आईएनओ के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया ने विद्यार्थियों और युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और मजबूत समाज की नींव रखी जा सकती है। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में आईएनओ मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रवेंद्र दहिया और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

